Breaking News

टेरर फंडिंग मामले में कश्मीर से तमिलनाडु तक एनआईए की छापेमारी

09 May, 2023 682

संवाददाता/in24 न्यूज़.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने टेरर फंडिंग (Terror funding) करने वालों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु में कई जगह छापे मारे हैं। सूत्रों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में एनआईए ने आज श्रीनगर, कुपवाड़ा, अनंतनाग, राजौरी, पुंछ और शोपियां में छापे मारे हैं। तमिलनाडु में भी टेरर फंडिंग के खिलाफ 10 जगह एनआईए के छापे जारी हैं। अब तक इन छापों में किसी को हिरासत में लेने या गिरफ्तारी की खबर नहीं आई है। गौरतलब है कि इससे पहले दो मई को भी जम्मू-कश्मीर के छह जिलों में 12 जगहों पर, पीर पंजाल क्षेत्र, मध्य और दक्षिण कश्मीर में विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली गई थी। बताया जा रहा है कि छापे आतंकवादी और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आपराधिक साजिश का पता लगाने के लिए उग्रवाद नेटवर्क और अन्य मामलों पर एक बड़ी कार्रवाई का हिस्सा हैं। इसके अलावा तमिलनाडु में भी NIA का दस से ज्यादा लोकेशन पर सर्च ऑपरेशन जारी है। खबर है कि जांच एजेंसी पीएफआई (PFI) से जुड़े कुछ लोगों और लीडरों के ठिकानों पर रेड मार रही है। ये रेड इस मामले में पहले से दर्ज एफआईआर (FIR) की जांच के दौरान की जा रही है। दरअसल, इसके पहले हुई कार्रवाई के दौरान पीएफआई के देशभर से 106 ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। पीएफआई को लेकर कई ऐसे दस्तावेज सामने आने की बात सामने आ रही है, जिसमे पीएफआई के आतंकी संगठन के रूप में काम करने के आरोप सामने आ रहे हैं। इसी को लेकर एएनआई की कार्रवाई जारी है। इससे पहले 25 अप्रैल को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों के करीब 17 लोकेशन पर एनआईए ने एक साथ रेड डाली थी। इससे पहले एनआईए ने हिजबुल मुजाहिदीन के सरगना सैयद सलाहुद्दीन के दो बेटों के जम्मू कश्मीर के बडगाम और श्रीनगर जिलों में स्थित एक मकान और दो कनाल जमीनों को कुर्क कर दिया था। बता दें कि टेरर फंडिंग देश के लिए एक गंभीर समस्या है।

अन्य खबरे