पंजाब को पीएम मोदी देंगे होमी भाभा कैंसर अस्पताल की सौगात
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज पंजाब के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होमी भाभा कैंसर अस्पताल (Homi Bhabha Cancer Hospital) की सौगात देंगे। मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में बने इस अस्पताल के बाद पीएम एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे पंजाब को कुछ अन्य सौगात भी दे सकते हैं। फिरोजपुर की घटना और पंजाब में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा है। कैंसर से जूझ रहे पंजाब के मालवा क्षेत्र के लिए यह अस्पताल बड़ी राहत होगी। इसके अलावा पंजाब को प्रधानमंत्री के दौरे से अन्य घोषणाओं की भी उम्मीद है। मोदी यहां करीब सवा बजे एयरपोर्ट पहुंचेगे। इसके बाद अस्पताल के उद्घाटन के लिए पहुंचेंगे। प्रदेश के सभी सियासी दल यह मांग कर रहे हैं कि इस बार प्रधानमंत्री सौगात के रूप में राज्य की लंबित सभी परियोजनाओं को हरी झंडी दें। पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अचूक सुरक्षा व्यवस्था की है। आतंकी खतरे की चेतावनी के बीच मोहाली में आयोजन स्थल के चारों तरफ 2 किलोमीटर का क्षेत्र सील कर दिया गया है। जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। तीन हेलीपैड बनाने के साथ ही प्रशासन ने विकल्प के रूप में मुख्य मार्ग के अलावा दो अन्य वैकल्पिक मार्ग और बनाए गए हैं। पंजाब पुलिस की ओर से 7000 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा दी गई है। आयोजन स्थल पर एसएसएफ और स्नाइपर कमांडो की भी तैनाती की गई है। बता दें कि पंजाब के लोगों को इस अस्पताल के बाद बाहर जाकर इलाज कराने के संदर्भ में बड़ी राहत मिलेगी।