पाकिस्तानी आतंकी ने पूछताछ में खोले कई राज़
संवाददाता/in24 न्यूज़।
पाकिस्तानी आतंकवादी मोहम्मद अशरफ से लगातार पूछताछ जारी है और उसने कई बड़े खुलासे किये हैं। जम्मू बस स्टैंड में 2009 में हुए बम धमाके में पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ था। ये खुलासा दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से गिरफ्तार किए गए पाकिस्तानी आतंकवादी मोहम्मद अशरफ ने पूछताछ में किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 2011 में दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर हुए ब्लास्ट से पहले इसी आतंकी ने परिसर की रेकी भी की थी। हालांकि वह विस्फोट में शामिल था या नहीं, यह पूछताछ में स्पष्ट होगा। इसके अलावा 2011 के आसपास अशरफ ने आईटीओ स्थित पुलिस हेडक्वाटर (पुराना पुलिस हेडक्वाटर) की रेकी की थी। आतंकी ने बताया कि कई बार रेकी की लेकिन ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई, क्योकि पुलिस हेडक्वाटर के बाहर लोगों को रुकने नहीं देते थे। इसी के साथआईएसबीटी की रेकी करके भी अशरफ ने जानकारियां पाकिस्तान के हैंडलर्स को भेजी थी। अशरफ दिल्ली के या किसी और ब्लास्ट में शामिल रहा है, इसको लेकर जांच एजेंसियां इससे पूछताछ कर रही है। मोहम्मद अशरफ ने पूछताछ में बताया कि उसने इंडिया गेट और लाल किले की भी रेकी की थी। पूछताछ में अशरफ ने करीब ऐसी 10 जगहों की रेकी करने की बात कबूल की है। पूछताछ में अशरफ ने ये भी बताया है कि वो नई दिल्ली के वीआईपी इलाके को टारगेट नहीं करना चाहता था। क्योंकि वहां कैसुअलटी कम होती। अशरफ ने बताया कि उसने ये सभी रेकी कई साल पहले की थी। लेकिन अभी इसने कहां रेकी की और कहा आतंकी वारदात को अंजाम देना चाहता था, वो नहीं बताया है। दिल्ली के लक्ष्मीनगर से मंगलवार को गिरफ्तार पाक आतंकी देश की राजधानी समेत कश्मीर घाटी में भी कई बड़े आतंकी हमले करने की फिराक में था। लेकिन इससे पहले दिल्ली की स्पेशल सेल ने पाक खुफिया की साजिश को नाकाम कर दिया। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये आतंकी पिछले 15 साल से दिल्ली में रह रहा था, और इसने हिंदुस्तानी लडक़ी से शादी भी कर ली थी। आतंकी फिलहाल अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। पुलिस के अनुसार आतंकी अशरफ दिल्ली के स्लीपर सेल का मुखिया था और हिंदुस्तान आने वाले आतंकियों को हथियार और लॉजिस्टिक प्रोवाइड करवाता था। पुलिस का कहना है कि दिल्ली में इसके नेटवर्क में और भी लोग हैं। आतंकी ने हथियार इसने कालिंदी कुंज के पास यमुना किनारे बालू के नीचे दबा कर रखे थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के मुताबिक, आतंकी अशरफ देश की राजधानी में लोन वुल्फ अटैक की साजिश रच रहा था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का कहना है कि जल्द ही कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। बता दें कि पाकिस्तान ने समय-समय पर घुसपैठ के ज़रिये अपने आतंकियों को भारत भेजने का काम करता रहा है।