Breaking News

पाकिस्तानी ड्रोन को बीएसएफ ने मार गिराया

09 Nov, 2022 657

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
पाकिस्तान (Pakistan) अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक साजिश को विफल कर दिया है। बीएसएफ जवानों ने पंजाब के फिरोजपुर की भारत-पाकिस्तान सीमा पर भारतीय क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को मार गिराया है। बीएसएफ की तरफ से ये जानकारी दी गई है। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि 8 नवंबर को रात 11.25 बजे बीएसएफ के जवानों ने फिरोजपुर सेक्टर के गंडू गांव में भारत पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से आते एक ड्रोन की आवाज सुनी। घुसपैठ को विफल करने के प्रयास में बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके बाद पूरे इलाके में तलाशी ली गई, जहां गोलीबारी में नीचे गिरे हेक्सा-कॉप्टर (ड्रोन) को बरामद किया गया। इस पूरी कार्यवाही को बीएसएफ की 136 सीमांत बटालियन ने अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके की घेराबंदी कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। ताकि ड्रोन से लाए गए किसी भी संदिग्ध सामग्री को बरामद किया जा सके। गौरतलब है कि पिछले महीने 14 अक्टूबर को गुरदासपुर सेक्टर, 16 और 18 अक्टूबर को अमृतसर सेक्टर में भी इसी तरह बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया था। बता दें कि बीएसएफ ने लगातार सुरक्षा के लिए अपनी गतिविधियों को जारी रखा है।

अन्य खबरे