Breaking News

पीएम मोदी ने दी राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं

12 Jan, 2021 1065

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज पूरी दुनिया में यह बताया जाता है कि भारत में सबसे ज़्यादा युवा हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बात पर सदैव गर्व करते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दूसरे राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम में लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू और केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल मौजूद रहे. अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की बहुत शुभकामनाएं. स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती के ये दिन हम सभी को नई प्रेरणा देता है. आज का दिन विशेष इसलिए भी हो गया है कि इस बार युवा संसद देश की संसद के सेंट्रल हॉल में हो रही है. ये सेंट्रल हॉल हमारे संविधान के निर्माण का गवाह है. उन्होंने कहा कि  स्वामी जी की प्ररेणा ने आज़ादी की लड़ाई को नई ऊर्जा दी थी. गुलामी के लंबे कालखंड ने भारत को हज़ारों वर्षों की अपनी ताकत और ताकत के एहसास से दूर कर दिया था. स्वामी विवेकानंद जी ने भारत को उसकी वो ताकत याद दिलाई और एहसास कराया.हमारा युवा खुलकर अपनी प्रतिभा और अपने सपनों के अनुसार खुद को विकसित कर सके इसके लिए आज एक वातावरण और इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है. शिक्षा व्यवस्था हो, सामाजिक व्यवस्था हो या कानूनी बारीकियां, हर चीज में इन बातों को केंद्र में रखा जा रहा है. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि स्वामी जी ही थे जिन्होंने उस दौर में कहा था कि निडर, बेबाक, साफ दिल वाले, साहसी और आकांक्षी युवा ही वो नींव है जिस पर राष्ट्र के भविष्य का निर्माण होता है. वो युवाओं पर, युवा शक्ति पर बहुत विश्वास करते थे, अब आपको उनके इस विश्वास की कसौटी पर खड़ा उतरना है. बता दें कि आज पूरा देश स्वामी विवेकानंद को नमन कर रहा है.

अन्य खबरे