Breaking News

पीएम मोदी वाराणसी में करेंगे 28 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

24 Mar, 2023 692

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी (Varanasi) के एक दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पहुंचे, जहां उनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने किया। पीएम मोदी जन सुविधा से जुड़ी 28 विकास की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें जलकल विभाग की अति महत्वाकांक्षी सौर ऊर्जा परियोजना भी शामिल है। दो मेगावाट प्रतिदिन बिजली उत्पादन क्षमता वाली इस परियोजना से जलकल विभाग का बिजली का बिल 30 फीसदी कम हो जाएगा। पीएम मोदी ने सुबह करीब साढ़े दस बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में वन वर्ल्ड टीबी समिट को संबोधित किया। बाद में वे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान में 1780 करोड़ रुपए से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी वाराणसी कैंट स्टेशन से गोदौलिया तक पैसेंजर रोपवे का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना की लागत लगभग 645 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। पांच स्टेशनों वाली यह रोपवे प्रणाली 3.75 किलोमीटर लंबी होगी। पीएम नमामि गंगे योजना के तहत भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इस प्लांट का निर्माण 300 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से किया जाएगा। प्रधानमंत्री खेलो इंडिया योजना के तहत सिगरा स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य के दूसरे एवं तीसरे चरण का शिलान्यास करेंगे। स्थानीय सांसद सेवापुरी में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित किए जाने वाले एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की आधारशिला रखेंगे और भरथरा गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चेंजिंग रूम से लैस फ्लोटिंग जेट्टी सहित विभिन्न अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा वह जल जीवन मिशन के तहत 19 पेयजल योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। पेयजल की इन योजनाओं से 63 ग्राम पंचायतों के तीन लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने से उद्देश्य से प्रधानमंत्री इस मिशन के तहत 59 पेयजल योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश लगातार विकास की तरफ अग्रसर है।

अन्य खबरे