भारत में 24 घंटे के दौरान कोरोना के 96 हजार से ज्यादा केस
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत में कोरोना ने अपना रौद्र रूप जारी रखा है. देश में कोरोना के कुल मामले 45 लाख के पार पहुंच गए हैं। एक दिन में 96,000 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं। यह एक दिन में सामने आए कोरोना मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में अब तक के सबसे ज्यादा नए मामले सामने आए और सबसे ज़्यादा मौत हुई है। पिछले 24 घंटों में 96,551 नए मामले सामने आने के साथ कुल मामलों की संख्या 45,62,414 हो गई है। इस दौरान, 1,209 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ अब तक वायरस की वजह से 76,271 लोगों की जान जा चुकी है। दूसरी तरफ राहत की बात यह है कि कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या भी 35 लाख के पार पहुंच गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 70,880 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक कुल 35,42, 663 मरीज़ ठीक हुए हैं। वहीं देश में कोरोना रिकवरी रेट 77.64 प्रतिशत है। एक्टिव मरीज 20.67 फीसदी हैं। मृत्यु दर 1.67 प्रतिशत है, जबकि पॉजिटिविटी रेट 8.29 प्रतिशत है। देश में वर्तमान में 9,43,480 एक्टिव मामले हैं। यह वाकई राहत की खबर है कि जिस तेजी से कोरोना का दायरा बढ़ता जा रहा है ऐसे में रिकवरी रेट से पहले की भांति महामारी कम हुई है.