राम मंदिर भूमि पूजन से पहले पुजारी और 15 पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना जैसी जानलेवा महामारी का असर अयोध्या में होने वाले भूमि पूजन पर भी पड़ा है. अयोध्या में राम मंदिर स्थल पर भूमि पूजन से पहले एक पुजारी और 15 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं. ख़बरों के अनुसार अन्य लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं. अयोध्या में अगले सप्ताह मंदिर के लिए भूमिपूजन समारोह का आयोजन होना है. इस समारोह में पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होने वाले हैं, जिसके लिए दिवाली जैसी तैयारियां की जा रही हैं. श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट ने देश भर के सभी संतों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मंदिरों और मठों में पांच अगस्त को सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक पूजा का आयोजन करें. ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने लोगों से निवेदन किया है कि वे इस समारोह के लाइव टेलीकास्ट को अपने घरों से देखें. पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेगा आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए राम जन्मभूमि परिसर का दौरा किया था. एक रिपोर्ट के अनुसार पांच अगस्त को होने वाले समारोह के लिए वाराणसी और अयोध्या के 11 पुजारी पूजा करेंगे. कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए जाने वाले पुजारी प्रदीप दास इन 11 पुजारियों में शामिल नहीं हैं. ट्रस्ट ने दैनिक आधार पर संपूर्ण राम जन्मभूमि परिसर को पवित्र करने का निर्णय लिया है. फिलहाल कोरोना से बचने के जितने भी उपाय हो सकते हैं उसपर आयोजन से जुड़े लोगों को गंभीरता से करना होगा ताकि भूमि पूजन का आयोजन निर्विघ्न संपन्न हो सके.