Breaking News

सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना को पीएम मोदी द्वारा राष्ट्र के नाम समर्पित

11 Dec, 2021 659

संवाददाता न/in24 न्यूज़.
आज सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में राष्ट्र को समर्पित की। पीएम मोदी ने यहां आयोजित एक समारोह में दोपहर लगभग डेढ़ बजे रिमोट कंट्रोल से इस परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और राज्य के जल शक्ति मंत्री डा महेन्द्र सिंह सहित अन्य मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश आजादी के बाद से लगातार उपेक्षित था इसलिए यहां गरीबी और पिछड़ापन था। लेकिन यहां के अभिशाप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने लोगों को आजादी दिलाई है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि 40 साल से सरयू नहर परियोजना लंबित थी। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने ये तय किया था कि जो भी परियोजनाएं लंबित हैं उन्हें पूरा कर किसानों के जीवन में खुशहाली लाना है। ऐसे ही बाण सागर परियोजना दशकों से लंबित थी जो पूरी हुई। बता दें कि इस परियोजना में इलाके की पांच नदियों, घाघरा, सरयू, राप्ती, बाणगंगा और रोहिणी को आपस में जोड़ा गया है। इससे बलरामपुर क्षेत्र की लगभग 14 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि की सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौ जिलों बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर और महाराजगंज के 6200 से अधिक गांवों के लगभग 29 लाख किसानों को फायदा होगा। सरकार का दावा है कि करीब चार दशकों से लंबित परियोजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की पहल पर चार सालों में पूरा किया गया है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में उत्तरप्रदेश लगातार विकास के रास्ते पर बढ़ता जा रहा है।

अन्य खबरे