Breaking News

सीएम योगी के साथ पीएम मोदी ने काशी में लिया विकास कार्यों का जायजा

14 Dec, 2021 697

संवाददाता/in24 न्यूज़।
अपने दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी में हैं। वाराणसी में चल रहे तमाम विकास कार्यों का सोमवार को देर रात तक पीएम मोदी ने जायजा लिया। वाराणसी,  पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र भी है। उन्होंने सोमवार को दिन में काशी विश्वनाथ धाम परिसर के लोकार्पण और देर शाम तक गंगा आरती का अवलोकन करने के बाद वाराणसी के विकास कार्यों का जायजा लिया। इससे पहले उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। देर रात लगभग सवा 12 बजे मोदी ने बैठक के बाद भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए बैठक समाप्त होने की जानकारी दी। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा मध्य प्रदेश, हरियाणा और असम सहित अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल रहे। बता दें कि मंगलवार को भी इस बैठक का दूसरा दौर प्रस्तावित है। इसमें पीएम मोदी का संबोधन होगा। जानकारी के मुताबिक तीन दिन के उत्तर प्रदेश प्रवास पर आए  भाजपा के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री 15 दिसंबर को अयोध्या भी जाएंगे। इसके बाद रात करीब एक बजे पीएम मोदी ने सीएम योगी के साथ वाराणसी में विकास कार्यों के निरीक्षण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि काशी में महत्वपूर्ण विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहा हूं। हमारा प्रयास है कि इस पवित्र नगरी में सर्वश्रेष्ठ ढांचागत सुविधाएं विकसित की जाएं। देर रात तक चले निरीक्षण अभियान के दौरान पीएम मोदी ने बनारस रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने योगी के साथ बनारस रेलवे स्टेशन के निरीक्षण की तस्वीरों के साथ लिखा कि अगला पड़ाव.. बनारस स्टेशन। हम रेल संपर्क को बेहतर बनाने के साथ ही साफ-सुथरे और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्री हितैषी रेलवे स्टेशनों के निर्माण को सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रहे हैं।प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी मंगलवार को दोपहर साढ़े तीन बजे स्वर्वेद महामंदिर में सद्गुरु सदाफल देव विहंगम योग संस्थान के 98वें वार्षिकोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे। बता दें कि पीएम मोदी के काशी आने से स्थानीय लोगों में उल्लास का माहौल है।

अन्य खबरे