Breaking News

खादी और हस्तशिल्प उत्पादों को खरीदकर गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित करें : पीएम मोदी

02 Oct, 2022 514

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) को उनकी 152वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी और देशवासियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर पर खादी और हस्तशिल्प उत्पादों को खरीदकर बापू को श्रद्धासुमन अर्पित करें। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि क्यों खास है इस बार की गांधी जयंती। बाद में पीएम मोदी राजघाट स्थित बापू के समाधि स्थल भी गए और उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर वहां सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जन्म-जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। इस बार गांधी जयंती विशेष है क्योंकि भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हम बापू के आदर्शों का हमेशा पालन करें। मैं आप सभी से यह आग्रह भी करता हूं कि खादी और हस्तशिल्प उत्पादों को खरीदें और गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित करें। बता दें कि महात्मा गांधी का जन्म गुजरात के पोरबंदर में 2 अक्टूबर 1869 में हुआ था। उनके जन्मदिन को गांधी जयंती के साथ ही अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। अंग्रेजी हुकूमत से भारत को आजाद कराने की लड़ाई का उन्होंने नेतृत्व किया था। अहिंसक विरोध का उनका सिखाया हुआ सबक आज भी पूरी दुनिया में सम्मान के साथ याद किया जाता है। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री (Lal Bahadur Shastri) को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी की उनकी सादगी तथा निर्णय क्षमता के लिए पूरे भारत में प्रशंसा की जाती है। हमारे इतिहास के बेहद अहम मौके पर उनके मजबूत नेतृत्व को हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। पीएम मोदी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री संग्रहालय में उनकी गैलरी की कुछ झलकियां भी साझा की, जिसमें शास्त्री की जीवन यात्रा तथा उपलब्धियों को दिखाया गया है। उन्होंने देशवासियों से इस संग्रहालय का दौरा करने का भी आग्रह किया। बता दें कि आज पूरा देश महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देने के साथ उन्हें नमन कर रहा है।

अन्य खबरे