पुलवामा में मुठभेड़ के दौरान एक जवान शहीद और एक आतंकवादी की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान दक्षिण कश्मीर के पुलवामा (Pulwama) जिले में आज एक सैनिक शहीद हो गया और एक आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने ये जानकारी दी है। पुलिस ने कहा कि आतंकवादी का शव अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है और फिलहाल पदगामपुरा इलाके में मुठभेड़ जारी है। पुलिस और सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई। सुरक्षाबलों द्वारा इलाके की घेराबंदी करने के बाद आतंकियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने पुलवामा जिले के राजपुरा के हाजिन गांव में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। आतंकवादियों के सुरक्षा बल पर गोलियां चलाने से अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया। सुरक्षा बल ने भी गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। बता दें कि पुलवामा में कल रात से ही एनकाउंटर जारी है।