Breaking News

508 रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प के लिए पीएम मोदी ने रखी आधारशिला, यात्रियों को मिलेंगी ये वर्ल्ड क्लास सुविधाएं

06 Aug, 2023 1321

संवाददाता/in24news

देश में रेलवे स्टेशनों की तस्वीर बदलने वाली है. रेलवे स्टेशनों को स्मार्ट बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी 6 अगस्त को देशभर में 508 रेलवे स्टेशनों के रीडेवलपमेंट की आधारशिला रखी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अमृत भारत स्टेशन योजना को लॉन्च किया. एक साथ देशभर के 508 स्टेशनों के नवीनीकरण वाली इस योजना के लिए स्टेशनों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. इसमें इलाके के केंद्रीय मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद हैं। इन स्टेशनों पर इस भव्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया. स्टेशनों पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाकर रेलवे की पूरी योजना के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है. इससे पहले भी अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत पीएम ने देश भर के विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए लोकार्पण और शिलान्यास किया है, जिसके बाद से देश के कई रेलवे स्टेशनों की सूरत बदली गई है लेकिन इस बार का पुनर्विकास अब तक का सबसे बड़ा कायाकल्प होगा. ये 508 स्टेशन 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए हैं, इनके विकास में 24,470 करोड़ की लागत निर्धारित की गई है. 

यात्रियों को मिलेंगी ये वर्ल्ड क्लास सुविधाएं

पुनर्विकास में यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी, जिसमें कई चीजें शामिल हैं. स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को सामान ढोकर ऊंची सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं ऐसे में पुनर्विकास परियोजना के तहत स्टेशनों पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जाएंगे. यात्रियों के लिए वेटिंग रूम की भी व्यवस्था होगी. साथ ही एग्जीक्यूटिव लाउंज और कॉनकोर्स एरिया भी बनाया जाएगा. यही नहीं, फूड कोर्ट, शॉपिंग मॉल, कैफेटेरिया, प्ले एरिया की सुविधा भी होगी. रेलवे स्टेशन पर हर घंटे ढेरों कचरा जमा हो जाता है. पुनर्विकास परियोजना के तहत इसे डंप करने की जगह री-साइकल करने की कोशिश की जाएगी. इसके अलावा बारिश के पानी को भी स्टोर करके इस्तेमाल में लिया जाएगा. स्टेशन एंट्री पर हाइटेक स्कैनर के साथ यात्रियों की चैकिंग की जाएगी. कोच इन्डिकेशन बोर्ड तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं सहित आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इसके अलावा पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे. पार्किंग को सही तरह से व्यस्थित किया जाएगा. स्टेशन पर बिजली, बेहतर रोशनी, सीसीटीवी, वॉशबेसिंन, बेंच की बेहतर सुविधा दी जाएगी. प्लेटफार्मों और प्लेटफार्म शेल्टरों में सुधार किया जाएगा.

अन्य खबरे