पाकिस्तान के साथ बात होगी तो वो केवल पीओके को लेकर होगी : उपराष्ट्रपति
संवाददाता/in24 न्यूज़।
पाकिस्तान की गीदड़भभकी से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बाद अब उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी यही कहा है कि अब अगर पाकिस्तान के साथ बात होगी तो वो केवल पीओके को लेकर होगी. नायडू ने कहा, पीओके भारत का अहम हिस्सा है और भारत को इसे वापस लेना चाहिए. नायडू ने ये बात आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में नौसेना विज्ञान और प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला की स्वर्ण जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही. इसी के साथ वेंकैया नायडू ने ये भी कहा कि हम शांतिप्रिय नागरिक हैं, युद्ध नहीं चाहते. बता दें, इससे पहले राजनाथ सिंह ने भी साफ-साफ कह दिया था कि अब अगर पाकिस्तान से बात होगी तो वो केवल पीओके को लेकर होगी. पंचकुला में राजनाथ सिंह ने ये भी कहा था कि अब पाकिस्तान के साथ बात तभी होगी जब आतंकवाद को समर्थन देना बंद कर देगा. उन्होंने कहा था, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 राज्य के विकास के लिए हटाया गया है. उन्होंने कहा, हमारा पड़ोसी अतंरराष्ट्रीय समुदायों के दरवाजा खटखटा रहा है और कह रहा है कि भारत ने गलती की है. पाकिस्तान के साथ बातचीत अब तभी होगी जब वो आतंकवाद को शह देना बंद कर देगा.