Breaking News

46 रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट जारी

01 Nov, 2021 664

संवाददाता/in24 न्यूज़।
ऐन दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश समेत देश के कई इलाकों को बम से दहलाने का खुफिया अलर्ट मिलने से हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से एक धमकी भरा पत्र मिला है। इस पत्र में कहा गया है कि आतंकी दिवाली से पहले लखनऊ, अयोध्या, कानपुर, वाराणसी समेत 46 रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ा देंगे। आतंकी हमले को लेकर मिले इस ख़ुफ़िया अलर्ट के बाद से रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही यूपी के सभी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया अलर्ट मिलने के बाद राज्य के लखनऊ, कानपुर समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ, जीआरपी और पुलिस ने डॉग स्क्वाड के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। इसके अलावा सघन तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। हालांकि रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि ऐसी धमकी कोई पहली बार नहीं मिली है, इससे पहले भी रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी मिलती रही है। हालांकि इस बार मिली धमकी को भी गंभीरता से लिया जा रहा है और चौकसी बढ़ा दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के सीनियर अधिकारियों ने बताया कि इस पत्र में जिन स्टेशनों को उड़ाने की धमकी मिली है, वो पत्र लश्कर-ए-तैयबा के एरिया कमांडर के नाम से भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 2018 में भी ऐसी धमकी इसी आतंकी संगठन की तरफ से दी गई थी। धमकी मिलने के बाद अब स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के साथ ही यहां से रवाना होने वाली ट्रेनों में भी सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि धमकी भरा पत्र मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी को निर्देश दिए गए हैं कि किसी पर भी शक होने पर उसकी तलाशी ली जाए। किसी भी तरह कि लापरवाही न बरती जाए। दीवाली के मौके पर लोग अपने-अपने घर जाते हैं ऐसे में ट्रेनों में काफी भीड़ हो जाती है। फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी है।

अन्य खबरे