Breaking News

अमिताभ ने फ्लाइट से प्रवासी मज़दूरों को गोरखपुर भेजा

11 Jun, 2020 845

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कोरोना जैसी विश्वव्यापी महामारी के दौरान ज़रूरतमंदों की मदद के लिए कई लोगों ने मदद की. अब कोरोना संकट में फंसे मज़दूरों को बालीवुड के सदी के महानायक अमिताभ बच्चन मदद के लिए हाथ बढ़ाया है. उन्होंने 187 कामगारों को बुधवार को विमान से गोरखपुर भेजने में सहयोग किया. अमिताभ ने हाजी अली ट्रस्ट के सहयोग से मुंबई में फंसे 187 श्रमिकों को इंडिगो के बोइंग विमान से बुधवार को गोरखपुर भिजवाया। गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे मज़दूर जब बाहर निकले तो खुशी के मारे उनका ठिकाना न रहा। सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ और हाजी अली ट्रस्ट ने न केवल गोरखपुर, बल्कि यूपी के कुछ और भी शहरों के मजदूरों को उनके घर भेजने के लिए विमान का खर्च उठाया है। प्रवासी मज़दूरों ने कहा कि अमिताभ बच्चन की वजह से न केवल वे अपने घर पहुंच गए, बल्कि उन्हें जहाज में बैठकर यात्रा करने का मौका भी मिला। सभी मजदूर निर्धारित समय पर बुधवार को मुंबई एयरपोर्ट पर चार्टर विमान में सवार हुए और गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे। विमान में सवार सभी मज़दूरों को ग्लब्स, सेनिटाइजर और खाने-पीने का सामान भी दिया गया था। विमान का पूरा खर्च अमिताभ बच्चन की टीम मिशन मिलाप और मुंबई के हाजी अली ट्रस्ट ने उठाया। चार्टर विमान से गोरखपुर पहुंचे मो़ तौकीद ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए बताया कि उन्होंने ट्रेन से आने का काफी प्रयास किया लेकिन जगह नहीं मिली। इसके बाद महानायक अमिताभ बच्चन के ट्रस्ट के बारे में पता चला। वहां पहुंचकर उन्होंने घर आने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। रजिस्ट्रेशन के बाद आठ जून को फोन आया कि दस जून को गोरखपुर जाने के लिए विमान का इंतजाम हो गया है, तैयारी कर लें। तौकीद ने बताया कि घर पर ही गाड़ी आ गई और उससे वह मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गए। वहां विमान में बैठे और दो घंटे में वह गोरखपुर आ गए। तौकीद ने बताया कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह विमान से भी यात्रा कर पाएंगे। आज वह बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि जहाज से उनके साथ काम करने वाले और आठ साथी भी गोरखपुर पहुंच गए। एयरपोर्ट डायरेक्टर ए.के. द्विवेदी ने बताया कि विमान में ज्यादातर प्रवासी मज़दूर थे।

अन्य खबरे