इजरायल की जंग से बचकर मुंबई लौटीं नुसरत भरुचा, सामने आई पहली झलक
संवाददाता/in24न्यूज
इजरायल और फिलिस्तीन के बीच शनिवार से युद्ध चल रहा है. दोनों देशों के बीच हो रही जंग के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरुचा इजरायल में फंस गई थीं. ये खबर सामने आने के बाद से एक्ट्रेस के फैंस काफी चिंता में थे और नुसरत के सही सलामत अपने देश वापस लौटने की दुआएं मांग रहे थे. लेकिन अब एक्ट्रेस को लेकर एक राहत भरी खबर सामने आई है. युद्ध के बीच इजरायल में फंसी नुसरत अब अपने देश सुरक्षित लौट आई हैं. मुंबई एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए एक्ट्रेस की पहली झलक सामने आई है. एक्ट्रेस बिल्कुल सही सलामत हैं. हालांकि, वो काफी परेशान लग रही हैं. उनके चेहरे पर मायूसी साफ दिखाई दी. इजरायल में शुरू हुई जंग के दौरान नुसरत से संपर्क टूट गया था. हर कोई उनके लिए परेशान था. फिर तमाम कोशिशों के बाद नुसरत से उनकी टीम संपर्क करने में कामयाब हुई. नुसरत भरुचा की टीम ने बताया था- आखिरकार हमारा नुसरत भरुचा से संपर्क हो गया है. एंबेसी की मदद से उन्हें सुरक्षित वापस इंडिया लाया जा रहा है. वो सुरक्षित हैं और इंडिया लौट रही हैं.