पुलिस कॉलोनी में प्रियंका चोपड़ा के चाचा से लूटपाट
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश की राजधानी दिल्ली में आपराधिक गतिविधियां कम हुई हैं मगर अभी भी लूटपाट की घटनाएं बंद नहीं हुई हैं. बॉलीवुड की स्टार प्रियंका चोपड़ा के चाचा के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है. बता दें कि प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन मीरा चोपड़ा के पिता को यहां पुलिस कॉलोनी में चाकू के बल पर लूट लिया गया। फिल्म 'धारा 375' की अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि जब यह घटना हुई तब उसके पिता शाम की सैर पर निकले थे। उन्होंने लिखा कि मेरे पिताजी पुलिस कॉलोनी में टहल रहे थे। एक स्कूटर पर 2 लोग आए, चाकू दिखाया और उनका फोन छीन लिया। क्या इस तरह आप दिल्ली के सुरक्षित होने का दावा करते हैं! उन्होंने एक ट्वीट में एफआईआर नंबर भी साझा किया। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई के लिए डीसीपी उत्तर दिल्ली को धन्यवाद। हमें गर्व महसूस होता है जब हम अपने पुलिस विभाग द्वारा संरक्षित महसूस करते हैं। इससे मतलब नहीं है कि क्या छीना गया है, दरअसल हमारे बुजुर्गों की रक्षा करना सबसे महत्वपूर्ण है! दिल्ली पुलिस का सम्मान करें।