79 के हुए सदी के महानायक अमिताभ बच्चन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन आज अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं। 11 अक्टूबर 1942 को इलाहाबाद में जन्मे अमिताभ बच्चन ने अपने करियर की शुरुआत कोलकाता (तब कलकत्ता) में बतौर सुपरवाइजर की, जहां उन्हें 800 रुपए मासिक वेतन मिला करता था। वर्ष 1968 में कलकत्ता की नौकरी छोड़ने के बाद अमिताभ मुंबई आ गए। बचपन से ही अमिताभ बच्चन का झुकाव अभिनय की ओर था और दिलीप कुमार से प्रभावित रहने के कारण वह उन्हीं की तरह अभिनेता बनना चाहते थे। 1969 में अमिताभ बच्चन को पहली बार ख्वाजा अहमद अब्बास की फिल्म सात हिंदुस्तानी में काम करने का मौका मिला। लेकिन इस फिल्म के असफल होने के कारण वह दर्शकों के बीच कुछ खास पहचान बना पाने में उन्हें असफलता हाथ लगी। 1971 में अमिताभ बच्चन को राजेश खन्ना के साथ फिल्म आनंद में काम करने का मौका मिला। राजेश खन्ना जैसे सुपरस्टार के रहते हुए भी अमिताभ बच्चन दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहे। इस फिल्म के लिये उन्हें सहायक अभिनेता का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया। 1973 में प्रदर्शित निर्माता प्रकाश मेहरा की फिल्म जंजीर अमिताभ बच्चन के फ़िल्मी करियर की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। ज़ंजीर फिल्म की सफलता के बाद बतौर अभिनेता अमिताभ बच्चन फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गए। फिल्म जंजीर की सफलता के बाद अमिताभ बच्चन की गिनती अच्छे अभिनेता के रूप में होने लगी और वह फिल्म उद्योग में एंग्री यंग मैन के नाम से जाने जाने लगे। 1973 में अमिताभ ने जया भादुड़ी से शादी कर ली। आज उनका पूरा परिवार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ है। अमिताभ के फैंस लगातार आज उन्हें अपने अपने तरीके से बधाइयां दे रहे हैं।