कांग्रेस का स्थापना दिवस आज
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश की सबसे पुरानी पार्टी रही कांग्रेस आज अपना स्थापना दिवस मना रही है. इस मौके पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए देशभर में कांग्रेस 'संविधान बचाओ-भारत बचाओ' रैली निकालेगी। पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता देशभर में तमाम कार्यक्रमो में शामिल होंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस शनिवार सुबह एआईसीसी मुख्यालय में अपना झंडा फहराकर स्थापना दिवस मनाएगी।उन्होंने कहा कि संबंधित राज्यों की राजधानियों में ध्वज फहराए जाने के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष इसके बाद 'संविधान बचाओ-भारत बचाओ' का संदेश लेकर फ्लैग मार्च निकालेंगे। वे इस उद्देश्य के लिए आयोजित सार्वजनिक सभाओं में अपनी-अपनी भाषाओं में संविधान की प्रस्तावना भी पढ़ेंगे। वेणुगोपाल ने कहा कि अन्य वरिष्ठ नेता अपने-अपने राज्यों में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को असम के गुवाहाटी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर आरोप लगाया कि राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी), नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) पर दोनों के बयान विरोधाभासी हैं।