Breaking News

किसी नेता की सिक्योरिटी से ज्यादा जरूरी है आम जनता की सुरक्षा : भगवंत मान

13 Mar, 2022 548

संवाददाता/in24 न्यूज़.
अब पंजाब में बड़ा बदलाव आनेवाला है। पंजाब के मुख्यमंत्री बनने जा रहे भगवंत मान ने कहा कि उनके लिए किसी नेता की सिक्योरिटी से ज्यादा जरूरी है आम जनता की सुरक्षा। उन्होंने कहा है कि वो पुलिस स्टेशन को खाली नहीं छोड़ सकते। बता दें कि मान द्वारा पंजाब की गद्दी संभालने से पहले ही प्रदेश में हलचल मच गई है। मान ने सभी पूर्व मंत्रियों और विधायकों की सिक्योरिटी वापस लेने का फैसला किया है। कहा जा रहा है कि इसके तहत करीब 122 नेताओं की सिक्योरिटी वापस ली गई है। शनिवार को भगवंत मान ने पंजाब के डीजीपी वीके भावरा से मुलाकात भी की थी।अब भगवंत मान ने अपने इस फैसले को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा कुछ लोगों की सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण है। पहले राजनेताओं के घरों के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाता था जबकि पुलिस थाने खाली रहते थे। हमारे लिए 3 करोड़ से अधिक लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। पुलिस अपना काम करेगी। गौरतलब है कि जिनकी सुरक्षा वापस ली गई है उस लिस्ट में ज्यादातर पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं, जिन्हें पिछली सरकार के तहत सुरक्षा मिली थी। सूची में उन कांग्रेस विधायकों के नाम भी शामिल हैं जो इस बार भी अपनी सीटों से जीतने में सफल रहे, लेकिन अब कैबिनेट मंत्री नहीं होंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्रियों और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता भी उस सूची का हिस्सा हैं जिनकी सुरक्षा वापस लेने की तैयारी है। भगवंत मान ने शनिवार को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। शपथ ग्रहण समारोह 16 मार्च को दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर नवांशहर जिले में स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा। बता दें कि पंजाब से कांग्रेस को धराशायी करने में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त सफलता पाई है।

अन्य खबरे