Breaking News

ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी एनसीपी-कांग्रेस-शिवसेना की सरकार : गडकरी

22 Nov, 2019 950

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में बननेवाली एनसीपी-कांग्रेस-शिवसेना की सरकार के बारे में बयान दिया है कि इनकी सरकार ज़्यादा दिनों तक नहीं चलेगी. गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर रास्ता करीब-करीब साफ हो गया है. शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस मिलकर महाराष्ट्र में सरकार बनाने जा रहे हैं. लेकिन इस बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी  ने इस सरकार के भविष्य की भविष्यवाणी कर दी है. बीजेपी नेता नितिन गडकरी ने कहा है कि यह शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस गठबंधन वाली सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी  ने कहा,कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के बीच वैचारिक मतभेद है. सरकार बनने के बाद भी सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी. केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि बीजेपी और शिवसेना का गठबंधन हिंदुत्व की विचारधारा पर आधारित था और आज भी हमारे बीच वैचारिक मतभेद नहीं है. इस तरह के गठबंधन को तोड़ना न केवल देश के लिए बल्कि हिंदुत्व के लिए और महाराष्ट्र के लिए भी एक नुकसान है. गडकरी ने आगे कहा कि यह (शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस) अवसरवाद का गठबंधन है, वे महाराष्ट्र को एक स्थिर सरकार नहीं दे पाएंगे. बता दें कि महाराष्ट्र में कई दिनों की माथापच्ची के बाद सरकार गठन की रूपरेखा सामने आ गई है. सूत्रों की मानें तो महाराष्‍ट्र में शिवसेना  का मुख्‍यमंत्री होगा, जैसा कि अनुमान था. सरकार में दूसरे नंबर के मंत्रालय यानी गृह पर शरद पवार की पार्टी एनसीपी का कब्‍जा होगा तो कांग्रेस के हिस्‍से में राजस्‍व मंत्रालय आया है. अभी तक ढाई-ढाई साल के लिए रोटेशनल सीएम को लेकर कोई बात निकलकर सामने नहीं आई है. पहले कहा जा रहा था कि कांग्रेस ने रोटेशनल सीएम पद को लेकर एनसीपी से दावा करने को कहा है, लेकिन बताया जा रहा है कि एनसीपी को रोटेशनल सीएम पद पर नजर नहीं है.

अन्य खबरे