झारखंड में बीजेपी की होगी परीक्षा।
संवाददाता/in24 न्यूज़।
महाराष्ट्र-हरियाणा में उम्मीद से कम मिलने के बाद अब झारखंड में बीजेपी की होगी परीक्षा है।महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव समाप्त हुए अभी कुछ ही दिन बीते हैं कि अब झारखंड में मतदान का ऐलान हो गया है। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को आदिवासी बहुल राज्य में 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक 5 चरणों में मतदान का ऐलान किया। यहां 23 दिसंबर को नतीजे आएंगे। महाराष्ट्र और हरियाणा के बाद यह तीसरा राज्य है, जहां चुनाव हो रहे हैं और तीनों ही जगह बीजेपी ही सत्ता में थी। ऐसे में बीजेपी के लिए झारखंड के अपने किले को बचाए रख पाना चुनौती होगी। खासतौर पर ऐसे वक्त में जब महाराष्ट्र और हरियाणा में उसे उम्मीद से कम सीटें मिली हैं। 2019 के आम चुनाव में बंपर बहुमत हासिल करने वाली बीजेपी महाराष्ट्र और हरियाणा में स्थानीय मुद्दों में घिरी दिखी। ऐसी ही स्थिति झारखंड में भी हो सकती है। कांग्रेस ने गठबंधन को लेकर किसी भी तरह की हठधर्मिता दिखाने की बजाय झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ जूनियर पार्टनर के तौर पर रहने को लेकर ही सहमति बना ली है। पूरी उम्मीद है कि बीजेपी को विपक्षी दल स्थानीय मुद्दों पर घेरने की कोशिश करेंगे। ऐसे में बीजेपी की ओर से भी चुनाव अभियान को केंद्रीय मुद्दों की बजाय स्थानीय विकास के अपने रिपोर्ट की ओर शिफ्ट किया जा सकता है.