दाऊद का घर छोड़ा और कंगना का तोड़ा : फडणवीस
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत मामले पर अब खुलकर सियासत हो रही है. कंगना रनौत बनाम महाराष्ट्र सरकार का मुद्दा फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। कंगना रनौत के दफ्तर पर जेसीबी चलवाकर चौतरफा घिरी उद्धव सरकार पर अब पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी जमकर बरसे। फडणवीस सरकार ने कहा कि कंगना रनौत के मुद्दे को शिवसेना ने बहुत बड़ा बना दिया। वह कोई राजनेता नहीं हैं। भाजपा नेता ने महाराष्ट्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि आप दाऊद का घर तोड़ने के लिए नहीं जाते हैं, लेकिन कंगना रनौत के स्थान पर तोड़फोड़ की। फडणवीस ने कहा कि कंगना का मुद्दा तो भाजपा ने नहीं उठाया। आप क्यों ऐसा बयान देते हो कि उन्हें मुंबई नहीं आना चाहिए। आपकी पूरी सिस्टम क्यों लग जाती है। ये मुद्दा बड़ा क्यों हुआ? कंगना तो कोई राष्ट्रीय नेता नहीं थी। यह कोई ऐसा मुद्दा तो नहीं था जो राष्ट्रीय स्तर पर चला जाए। आपने उसको बड़ा किया। आपने उसके घर जाकर तोड़ा। किन किन शिवेसना नेताओं के घर और दफ्तर अवैध हैं, ये चीजें बाहर आ रही हैं। आप दाऊद का घर तोड़ने नहीं जाते, कंगना का घर तोड़ने जाते हो। बता दें कि मुंबई की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से करने की वजह से कंगना रनौत से नाराज शिवसेना के कई नेताओं ने कंगना रनौत को मुंबई नहीं आने की चेतावनी दी थी। हालांकि, केंद्र सरकार से सुरक्षा मिलने के बाद नौ सितंबर को कंगना के मुंबई पहुंचने से पहले बीएमसी ने उनके दफ्तर के कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बहरहाल, इस मुद्दे पर आरपीआई के अध्यक्ष रामदास आठवले ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर कंगना मामले में न्याय दिलाने की बात की है.