Breaking News

देवेंद्र फडणवीस और संजय राउत की गुपचुप मुलाकात से खलबली

27 Sep, 2020 809

संवाददाता/in24 न्यूज़.
शिवसेना सांसद संजय राउत और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच गुपचुप मुलाकात के बाद महाराष्ट्र में सियासी खलबली मच गई है.  शिवसेना का कांग्रेस और एनसीपी से गठबंधन करने और महाराष्ट्र में सरकार बनाने के बाद संभवत: दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात है। बताया जाता है कि शनिवार को दोनों नेताओं की मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में मुलाकात हुई है। इसको लेकर चर्चाओं और अटकलों का दौर चल पड़ा है। यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या शिवसेना एक बार फिर पाला बदलेगी? दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब महाराष्ट्र सरकार कई मोर्चों पर घिरी हुई है। हालांकि, इस बीच भाजपा नेता प्रवीण दरेकर ने कहा है कि राउत ने फडणवीस से मुलाकात कर बिहार चुनाव को लेकर उनका इंटरव्यू किया है। संजय राउत सामना के संपादक हैं। उन्होंने कहा कि मुलाकात का कोई राजनीतिक अर्थ ना निकाला जाए। महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने भी दोनों नेताओं में मुलाकात की पुष्टि करते हुए कहा है कि अटकलें लगाने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, अभी दोनों नेताओं की ओर से इस मुलाकात को लेकर कुछ भी सार्वजनिक तौर पर नहीं कहा गया है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं में करीब ढाई घंटे तक बातचीत हुई। लंबे समय तक भाजपा की सहयोगी रही शिवसेना ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद गठबंधन तोड़ लिया था और एनसीपी-कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई। सत्ता में आने के बाद से ही उद्धव ठाकरे कई चुनौतियों से घिरे रहे हैं। बहरहाल, राजनीति में कब क्या हो जाए खा नहीं जा सकता. इस गुपचुप मुलाक़ात ने सत्ता में बैठे मंत्रियों की बेचैनी ज़रूर बढ़ा दी है.

अन्य खबरे