नाराज़ आदित्य ठाकरे ने उड़ाई बीजेपी की खिल्ली
संवाददाता/in24 न्यूज़.
राजनीति में कब कौन दोस्त दुश्मन बन जाए यह कहा नहीं जा सकता। कलतक शिवसेना और बीजेपी के रिश्ते में मिठास थी. मगर सरकार बनते ही दोनों के रिश्ते में विरोध ने अपनी जगह बना ली. गौरतलब है कि बीजेपी पर शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे ने जोरदार हमला किया है. उन्होंने शुक्रवार को कहा कि विपक्ष शिवसेना से ईर्ष्या करता है क्योंकि जो पहले सत्ता में थे वह अब बाहर हो गए हैं. इतना ही नहीं, आदित्य ने यह भी कहा कि वे अब सत्ता से बाहर हो गए हैं, जिसकी वजह से दुखी हैं और मैं उन्हें कभी बरनॉल लगाने की सलाह नहीं दूंगा. आदित्य ठाकरे ने यह भी कहा की हम उनका दर्द समझते हैं लेकिन हम अपने काम पर पूरा ध्यान दे रहे हैं क्योंकि लोगों ने हम पर भरोसा किया है. हमने अपने वादों को पूरा करना भी शुरू कर दिया है जैसे कि कर्ज माफी, 10 रुपये में खाना या फिर लोगों को घर मुहैया कराना हो. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ने कहा कि महा विकास अघाड़ी राज्य के कल्याण के लिए काम करती रहेगी और हम इस तरह के ट्रोल्स को नजरंदाज करेंगे. उन्हें हमें ट्रोल करने दीजिए क्योंकि वे सत्ता में नहीं हैं. वे ट्रोलिंग में ही व्यस्त रहें. वे हमें उन जगहों से ट्रोल कर रहे हैं जहां उन्होंने इंटरनेट नहीं बंद किया है. यह अच्छा है कि वे अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल ऐसा करने में कर रहे हैं. दरअसल, वे सत्ता से बाहर हैं तो हमसे ईर्ष्या करते हैं.