Breaking News

पटना की बैठक में कांग्रेसियों में जमकर मारपीट

13 Nov, 2020 686

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
बिहार में चुनाव के बाद कांग्रेस की हालत नाज़ुक दौर से गुज़र रही है. चुनाव नतीजों में कांग्रेस पर खराब प्रदर्शन के चलते ही महागठबंधन की सरकार नहीं बन पाने की तोहमत लगाई जा रही है। इसको लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी। इसी दौरान जब नवनिर्वाचित विधायक बोलने उठे तो कुछ कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। रोका-टोकी के बाद कार्यकर्ताओं के बीच ही मारपीट हो गई। काफी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं को शांत कराया गया। जानकारी के मुताबिक बैठक के दौरान दो पक्षों में शुरुआत गाली-गलौज से हुई। जिसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ता हाथापाई पर उतर आए। विधायक दल की बैठक में महाराजगंज से कांग्रेस विधायक विजय शंकर दुबे और विक्रम से विधायक सिद्धार्थ के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता बनने को लेकर झगड़ा हो गया। बैठक के दौरान ही सिद्धार्थ के समर्थकों की ओर से कथित तौर पर विजय शंकर दुबे को चोर कहा गया। इससे नाराज होकर दुबे के समर्थकों ने भी बांहें चढ़ा ली और मामला मारपीट पर पहुंच गया। जिस वक्त ये बवाल चल रहा था उस समय छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन अविनाश पांडे भी मौजूद थे। बिहार चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस आलाकमान ने भूपेश बघेल को स्पेशल टास्क देकर भेजा है। बघेल को बिहार कांग्रेस को टूट से बचाने की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। खासकर इसी को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी बुलाई गई थी। कांग्रेस आलाकमान यह नहीं चाहती कि विजयी विधायकों में टूट हो और एनडीए इसका फायदा उठाए। हालांकि जिस तरह के घटनाक्रम देखने को मिले हैं उससे शुभ संकेत नहीं मिलते हैं। भूपेश बघेल के लिए बिहार कांग्रेस को संभाले रखना किसी चुनौती से कम नहीं। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को विधायक दल की बैठक बुलाई थी। जिसके लिए सभी कांग्रेसी विधायकों को पटना पहुंचने का फरमान पहले ही जारी कर दिया गया था। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडेय भी शरीक हुए। कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में चल रही इस बैठक के दौरान मारपीट की घटना को लेकर सभी स्तब्ध हैं। बैठक करीब दोपहर दो बजे शुरू हुई। कांग्रेस पार्टी के चुनाव में खराब प्रदर्शन को लेकर माहौल पहले से ही तनावपूर्ण था। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज 19 सीटों पर सिमट गई जिसके चलते महागठबंधन की सरकार नहीं बन पाई। कांग्रेस के दिग्गज नेता बिहार चुनाव खराब प्रदर्शन को लेकर आत्म चिंतन की बात कहते हैं। तारिक अनवर जैसे वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस की खराब हालत के लिए एआईएमआईएम को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कहा कि बिहार के सियासी भविष्य के लिए  एआईएमआईएम का बिहार में प्रवेश अच्छा संकेत नहीं है। बता दें कि  पटना में हुई कोंग्रेसियों के बीच की मारपीट ने संगठन की कमज़ोर कड़ी को सामने ला दिया है.

अन्य खबरे