प्रियंका के रोड शो में मोदी के लगे नारे
संवाददाता/in24 न्यूज़.
इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता कही जाये या कांग्रेस के प्रति नाराज़गी कि प्रियंका गांधी के रोड शो के दौरान मोदी-मोदी के नारे लगे. गौरतलब है कि यूपी के बिजनौर में मंगलवार दोपहर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो चल रहा था इसी बीच यहां कुछ भाजपा समर्थक पहुंचे और ‘मोदी-मोदी' के नारे लगाने लगे. भाजपा समर्थकों के ऐसा करने के बाद वहां स्थिति थोड़ी देर के लिए असहज हो गयी. नारे सुनते ही वहां मौजूद कांग्रेस समर्थक गुस्से से लाल हो उठे और जोर-जोर से ‘मोदी चोर' के नारे लगाने लगे. मामला तूल पकडता देख सीआरपी ने भाजपा समर्थकों को एक दुकान के अंदर बंद कर दिया और शटर गिरा दिया. इस दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई. सीआरपी ने बहुत मुश्किल से कांग्रेस समर्थकों को शांत कराया. बताया जा रहा है कि डाकखाने के करीब मंगलवार को कांग्रेस समर्थकों की भीड़ जमा थी जो प्रियंका गांधी के रोड शो का इंतजार कर रही थी. इसी बीच वहां 7-8 भाजपा समर्थक पहुंचे और ‘मोदी-मोदी' के नारे लगाने लगे.