बीजेपी को बिहार में चाहिए मुख्यमंत्री की कुर्सी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सुशासन बाबू नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार के साथ क्या हुआ इसपर दृष्टिपात करने का अवसर आ गया है क्योंकि मोदी लहर के तहत बीजेपी नेताओं का जोश डबल हो चुका है. जाहिर है इसी जोश के साथ बिहार में बीजेपी ने सीएम की कुर्सी पाने की बिगुल बजा दी है. गौरतलब है कि बिहार में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं. इससे पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए बीजेपी और जदयू में तकरार शुरू हो चुकी है. बीजेपी नेता और एमएलसी संजय पासवान ने नीतीश कुमार से अगले टर्म के लिए मुख्यमंत्री पद छोड़ने की मांग की है. पासवान ने कहा कि हमने नीतीश कुमार के लिए 15 साल दिए उन्हें कम से कम एक बार हमारे लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी चाहिए. संजय पासवान ने बड़ा बम फोड़ते हुए कहा कि बिहार में अब नरेंद्र मोदी मॉडल चलेगा. उन्होंने कहा कि नीतीश मॉडल अब बीते दिनों की बात हो गयी है. नीतीश कुमार को बिहार में राज करते 15 साल हो चुके हैं. उन्हें नये लीडरशिप के हाथों में बिहार सौंप देना चाहिये. जिससे कि बिहार का विकास हो सके.