बीजेपी बनाएगी देश में एक लाख हेल्थ वॉलंटियर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश में कोरोना की स्थिति देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कोरोना की दूसरी लहर के बाद अपने राजनीतिक अभियान की रूपरेखा तय की और देश भर में एक लाख से ज्यादा हेल्थ वालंटियर तैयार करने के साथ ही किसानों, आदिवासियों एवं ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने का फैसला किया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में पार्टी के महासचिवों की दो दिन तक चली बैठक में ये निर्णय लिए गए। भाजपा महासचिव भूपेन्द्र यादव एवं अरुण सिंह ने आज देर शाम मीडिया के प्रतिनिधियों को यह जानकारी दी। बैठक में पार्टी के सात मोर्चों के अध्यक्ष भी बुलाए गए थे। यादव ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में अब कमी आई है। हम सभी जानते हैं कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अनेक विषयों, जैसे वेंटिलेटर ऑपरेट करना तथा अन्य सामान्य चिकित्सकीय जानकारी के लिए वालंटियर की आवश्यकता भी पड़ी है। ऐसे में बीजेपी ने यह तय किया है कि पार्टी तथा पार्टी के सभी मोर्चे पूरे देश भर में एक लाख से ज्यादा हेल्थ वालंटियर तैयार करने के अभियान को चलाएंगे। इस बैठक में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा ही संगठन के तहत किए गए सेवा कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट रखी गई। उन्होंने कहा कि बैठक में कोरोना की दूसरी लहर के बाद की गतिविधियों को तय करते हुए तीन महत्वपूर्ण विषयों को लेकर भाजपा के तीन मोर्चों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के अनुसूचित जन-जाति मोर्चा को केंद्र सरकार की वन-धन योजना को आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी दी गई ताकि आदिवासियों की आय बढ़ाई जा सके और उनका आर्थिक सशक्तिकरण हो सके। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में केंद्र सरकार द्वारा देश भर में 10 हजार किसान उत्पादक संगठनों को बनाने की बात की गई थी। भाजपा के किसान मोर्चे को देश भर के पंजीकृत किसान उत्पादक संगठनों के किसानों को प्रशिक्षण देने और उनकी आय बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की महिला मोर्चा को यह जिम्मेदारी दी गई है कि कुपोषण निवारण के लिए भारत सरकार के पोषण अभियान में वे अपनी सहभागिता दें और इस पोषण अभियान को दूर-सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने का काम किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी की कार्यकारिणी बैठक, मोर्चों की कार्यकारिणी बैठक डिजिटल माध्यम से ही आयोजित की जाएगी और विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक महत्व से जुड़े विषयों पर मोर्चों के माध्यम से डिजिटल वेबिनार का आयोजन किया जाएगा। यादव ने बताया कि इस दो दिवसीय बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा विगत दिनों हुए विधानसभा चुनावों की समीक्षा की गयी। असम और पुद्दुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनी है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। पार्टी की ताकत पश्चिम बंगाल में बढ़ी है और भाजपा 3 सीट से बढ़कर 77 सीट तक पहुंची है। पश्चिम बंगाल में पार्टी का जनाधार मजबूत हुआ है। तमिलनाडु में भी पार्टी का आधार बढ़ा है। बैठक में पार्टी की ताकत को और बढाने पर विश्वास व्यक्त किया गया। बता दें कि बीजेपी की इस मुहीम से पार्टी को लाभ मिलने की सम्भावना बढ़ेगी।