महाराष्ट्र के जायकवाड़ी फ्लोटिंग सोलर, सम्मेलन केंद्र के काम में तेजी लाई जाए : फडणवीस
संवाददाता/in24 न्यूज़.
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर जिले के पैठण में जायकवाडी बांध पर फ्लोटिंग सोलर, डीएमआईसी में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र, वालुज से शेंद्रा पुल पर चल रहे कार्यों की महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समीक्षा की और इन विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।गुरुवार रात जारी आधिकारिक प्रेस बयान के मुताबिक, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत कराड की उपस्थिति में सह्याद्री गेस्ट हाउस में गुरुवार शाम फडणवीस की अध्यक्षता में छत्रपति संभाजीनगर में विकास कार्यों के लिए एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर फडणवीस ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय तापविद्युत निगम लिमिटेड (NTPC) और महाराष्ट्र सरकार ने पैठण में जायकवाड़ी बांध पर 1200 मेगावाट फ्लोटिंग सौर परियोजना शुरू करने पर सहमति व्यक्त की है। उनके बीच एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। उसके बाद रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी और पर्यावरण मंजूरी के संबंध में केंद्र सरकार के साथ फॉलोअप किया जाएगा। बता दें कि फडणवीस ने इस बैठक में संबंधित अधिकारियों को इस प्रकार के निर्देश दिए हैं। ऐसे में इसमें तेजी आने की उम्मीद बढ़ी है।