रोहित पवार का बड़ा दावा, कहा - शिंदे गुट के 10 से 15 विधायक उद्धव गुट में जाने को तैयार
महाराष्ट्र में जारी बैठकों के दौर और आरोप - प्रत्यारोप के बीच एनसीपी विधायक रोहित पवार ने एकनाथ शिंदे गुट के विधायकों को लेकर बड़ा दावा किया है. रोहित पवार ने कहा, कि शिंदे गुट के 10 से15 विधायक खुश नहीं हैं और शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी के प्रमुख उद्धव ठाकरे के पास वापस जाने के लिए तैयार हैं. एनसीपी विधायक रोहित पवार ने यह खुलासा धाराशिव में एनसीपी संपर्क कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में किया। बता दें कि एनसीपी विधायक रोहित पवार का मराठवाड़ा दौरा कल तुलजापुर से कुलस्वामिनी तुलजाभवानी माता के दर्शन के साथ शुरू हुआ था. एनसीपी विधायक रोहित पवार ने कहा कि वर्तमान में देश और प्रदेश में राजनीति का स्तर काफी गिर गया है. बीजेपी के पास आर्थिक और राजनीतिक दबाव तकनीक की जबरदस्त ताकत है और उसी ताकत के दम पर उसने शिवसेना और एनसीपी को तोड़ा. इस तरह की बात से महाराष्ट्र की जनता काफी परेशान है और इस पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन बीजेपी जनता के मुद्दों को छोड़कर अनावश्यक मुद्दों पर चर्चा कर रही है.