लालू की बेटी मीसा रामकृपाल के हाथ काटना चाहती थीं
संवाददाता/in24 न्यूज़.
राजनीति में रिश्ता कब बदल जाये ये कोई नहीं जानता! अब लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने पूर्व राजद नेता और उनके मुंहबोले चाचा राम कृपाल यादव को लेकर आपत्तिजनक बात कही है. राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने कहा कि उस समय मन किया था कि रामकृपाल यादव का हाथ चारा मशीन में डालकर काट दूं. मीसा भारती ने रामकृपाल यादव को लेकर कहा कि जब वह बीजेपी में शामिल हो रहे थे, तब उनका मन उनके हाथ काटने का हुआ था. पटना के बिक्रम इलाके में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मीसा भारती ने कहा कि रामकृपाल यादव चारा काटा करते थे. उनके लिए हमारे मन में काफी सम्मान था. यह सम्मान तब खत्म हो गया, जब उन्होंने सुशील मोदी से हाथ मिला लिया. तब मुझे ऐसा महसूस हुआ था कि उसी चारा काटने वाली मशीन में उनके हाथ डालकर काट दूं. गौरतलब है कि रामकृपाल यादव शुरू में राष्ट्रीय जनता दल के नेता थे. मीसा भारती इन्हें अपना चाचा मानती थीं. एक समय रामकृपाल यादव को लालू यादव का काफी करीबी माना जाता था. लेकिन साल 2014 में सीट को लेकर उन्होंने राजद से इस्तीफा दे दिया था और बीजेपी का दामन थाम लिया था.