लालू के प्रशंसकों ने जारी किया लालू चालीसा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भले ही लालू प्रसाद पर चारा घोटाले का आरोप हो, मगर उनके प्रशंसकों को लगता है कि वे किसी भगवान् से कम नहीं हैं. यही कारण है कि उनके गुणगान के लिए अब लालू चालीसा लाने की पहल की गई है. रांची में जारी हुआ लालू पर यह चालीसा कुछ अलग है। ताजा चालीसा चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव के लिए प्रकाशित किया गया है। आज उनके समर्थकों ने रिम्स के पेइंग वार्ड के बाहर इसे जारी करते हुए कहा कि जल्द इसका व्यापक प्रचार व प्रसार किया जाएगा। श्री लालू चालीसा नाम से पुस्तिका का विमोचन झारखंड राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह और महासचिव विनोद सिंह ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर किया है। इस मौके पर रिम्स के पेइंग वार्ड के बाहर लालू यादव व राबड़ी यादव जिंदाबाद के जमकर नारे भी लगाये गए हैं। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि लालू प्रसाद यादव के समर्थक अभिषेक सिंह यादव के द्वारा लिखे गए इस चालीसा को वार्ड के बाहर लोगों के बीच श्री लालू चालीसा का वितरण किया गया। इस मौके पर राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा है कि यह चालीसा लालू यादव के जीवन पर आधारित है। जिस तरह बजरंगबली का नाम लेने से डर भाग जाता है। उसी तरह राजनीति में सभी पार्टियां लालू यादव के नाम से घबराती हैं। केंद्र में बैठी भाजपा सरकार भी लालू के नाम से भय खाती है। वहीं राजद महासचिव विनोद कुमार सिंह ने विमोचन के दौरान कहा कि इसे पूरे झारखंड बिहार में बांटा जायेगा और लालू यादव के कार्यों को लोगों को याद कराया जाएगा।