Breaking News

शिंदे - फडणवीस सरकार की नाकामियों को छुपाने के लिए प्रधानमंत्री का मुंबई दौरा- भाई जगताप

19 Jan, 2023 893
संवाददाता/ in 24 न्यूज़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 19 जनवरी का मुंबई दौरा शिंदे-फडणवीस सरकार की नाकामियों को छुपाने के लिए हो रहा है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जिन परियोजनाओं का उद्‌घाटन और भूमिपूजन करने मुंबई आ रहे हैं, उनमें इस सरकार का कोई योगदान नहीं है। इन परियोजनाओं में से कुछ परियोजनाओं को कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी सरकार के कार्यकाल के दौरान मंजूरी दी गई और कुछ शुरू भी हो गई थी। जगताप ने कहा कि शिंदे फडणवीस सरकार 50 खोखे की एक अवैध और असंवैधानिक सरकार है। मुंबई की जनता आगामी महानगरपालिका चुनावों में शिंदे - फडणवीस सरकार को सबक सिखाने का इंतजार कर रही है। इसलिए यह सरकार लगातार चुनाव टाल रही है। चुनाव से पहले मोदी को बुलाकर जनता को गुमराह कराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जिस 400 किमी सड़क कंक्रीटिंग परियोजना का उद्‌घाटन करने वाले हैं, उसकी टेंडर प्रक्रिया में भ्रष्टाचार हुआ है। इस पर बीएमसी करीब 6000 करोड़ रुपये खर्च करने वाली है। बीएमसी में इस वक्त किसी की सरकार नहीं है, एक प्रशासक नियुक्त है, प्रशासक के जरिए शिंदे-फडणवीस ही बीएमसी चला रहे हैं। बीएमसी का पैसा जनता का पैसा है। एक अकेला प्रशासक 6000 करोड़ रुपये खर्च करने का फैसला कैसे ले सकता है। इसके पहले आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुंबई दौरा आम मुंबईकरों को परेशान करने के लिए हैं। पार्टी की मुंबई अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने बयान जारी करके कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे के चलते 19 जनवरी को मुंबई में मेट्रो सेवा बंद रखी जाएगी। साथ ही, प्रशासन ने यह भी आदेश दिया है कि कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाली सभी सड़कें और बांद्रा-सांताक्रुज परिसर की सभी सड़कें दोपहर 12 बजे से देर रात तक आम जनता के लिए बंद रहेंगी। इसके लिए नोटिस भी भेजे जा चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री के मुंबई दौरे की वजह से आम जनता को क्यों तकलीफ दी जा रही है? प्रधानमंत्री को मुंबई के लोगों के कारण क्या समस्या हो सकती है? यह मुंबई के आम लोगों के साथ अन्याय है और इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है।

अन्य खबरे