Breaking News

सुप्रीम कोर्ट से संदेशखाली मामले में ममता सरकार को बड़ा झटका

06 Mar, 2024 2123

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं पर कथित अत्याचार करने वाले और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ईडी की टीम पर हमले के आरोपी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के निष्काषित नेता शाहजहां शेख को लेकर बड़ी सुनवाई हुई। इस सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने बंगाल की ममता बनर्जी सरकार को बड़ा झटका दिया है। सर्वोच्च न्यायालय ने मामले में तुरंत सुनवाई करने से इनकार करते हुए बंगाल सरकार को कलकत्ता हाई कोर्ट का आदेश मानने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा है कि बंगाल सरकार शेख शाहजहां को तुरंत सीबीआई को सौंपे। ईडी अधिकारियों पर हमले के मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने एसआईटी को बर्खास्त कर मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। हाई कोर्ट ने बंगाल सरकार को आदेश दिया था कि शेख शाहजहां को मंगलवार शाम 4.30 बजे तक सीबीआई को सौंप दें। हालांकि, पश्चिम बंगाल सरकार हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चली गई। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को शेख शाहजहां मामले में पश्चिम बंगाल सरकार की तत्काल सुनवाई की मांग को ठुकरा दिया है। कोर्ट ने कहा है कि वह इस मामले में तारीख देगी। सुप्रीम कोर्ट ने कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया और कहा कि शाहजहां शेख को तुरंत सीबीआई को सौंपा जाए। कोर्ट ने कहा कि बंगाल पुलिस शाहजहां शेख को सीबीआई को सौंपे। बता दें कि संदेशखाली मामले में टीएमसी की खूब किरकिरी हुई है।

अन्य खबरे