भारत के दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का निधन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी (Salim Durrani) ने आज दुनिया को अलविदा कह दिया। 88 साल की उम्र में सलीम दुर्रानी ने अंतिम सांस ली। जामनगर में उनके पारिवारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की। वो कैंसर (cancer) से जूझ रहे थे। दुर्रानी पहले ऐसे भारतीय क्रिकेटर हैं, जिन्हें अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया था। 1960 में दुर्रानी को अर्जुन अवार्ड का खिताब दिया गया था। दुर्रानी ने भारत की ओर से कुल 29 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 1202 रन बनाए जिसमें 1 शतक और 7 अर्धशतक शामिल रहा, इसके अलावा 75 विकेट लेने में सफल रहे थे। बता दें कि स्पिन ऑलराउंडर सलीम दुर्रानी का जन्म 11 दिसंबर 1934 को अफगानिस्तान (Afghanistan) के काबुल (Kabul) में हुआ था। मगर जब दुर्रानी महज आठ महीने के थे तभी उनका परिवार पाकिस्तान के कराची में आकर बस गया था। इसके बाद जब भारत और पाकिस्तान का बंटवारा हुआ, तब दुर्रानी का परिवार भारत आ गया था। दुर्रानी ने क्रिकेट जगत में 60-70 के दशक में अपने ऑलराउंड परफॉर्मेंस से अलग पहचान बनाई थी। भारत के क्रिकेट इतिहास में दुर्रानी एक शानदार ऑलराउंडर के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने साल 1960 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई टेस्ट में डेब्यू किया था। दुर्रानी आतिशी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे। साथ ही दर्शकों के कहने में छक्का जमाने के लिए भी दुर्रानी काफी मशहूर थे। सलीम दुर्रानी ने आखिरी टेस्ट मैच फरवरी 1973 को इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में खेला था। फिर उन्होंने 1973 में ही क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में भी हाथ आजमाया था। सलीम ने बॉलीवुड फिल्म चरित्र में परवीन बॉबी के साथ काम किया था।बता दें कि सलीम दुर्रानी के निधन से क्रिकेट जगत में मातम पसर गया है।