Breaking News

नए नक्शे पर नेपाल के पीएम ओली से इस्तीफे की मांग

01 Jul, 2020 923

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में नया नक्शा पास करने के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से उनकी पार्टी के लोग ही इस्तीफ़ा मांगने लगे हैं. पीएम के पी शर्मा ओली ने दो दिन पहले गंभीर आरोप लगते हुए दावा किया था कि भारत उनके देश के कुछ राजनेताओं के साथ मिलकर उनकी सरकार गिराने की कोशिश कर रहा है. अब नेपाल के तीन पूर्व प्रधानमंत्रियों सहित पार्टी के नेताओं ने ओली से इन आरोपों को साबित करने अन्यथा पद छोड़ने को कहा है. खबर के मुताबिक सत्तारूढ़ नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी की एक बैठक में पुष्प कमल दहल प्रचंड, माधव कुमार नेपाल और झलनाथ खनल के साथ-साथ पूर्व डिप्टी पीएम बामदेब गौतम ने ओली से इस्तीफे की मांग की और कहा कि वह हर तरह से विफल रहे हैं. प्रचंड ने कहा कि भारत के खिलाफ ओली का आरोप पूरी तरह गलत था. उन्होंने कहा कि वह भारत नहीं, मैं हूं जो आपके इस्तीफे की मांग कर रहा है. आपको इस तरह की गैरजिम्मेदार टिप्पणी का सबूत देना चाहिए. स्थायी समिति के एक सदस्य के अनुसार खनल, माधव नेपाल और गौतम ने ओली पर मित्र देश भारत के खिलाफ अपनी टिप्पणी में असंवेदनशील और गैरजिम्मेदार होने का आरोप लगाया. अपने आरोपों के बचाव में पीएम ओली ने कहा कि भारतीय मीडिया में गोपनीय बैठक की जानकारियां कैसे आ रही हैं. यानी नेपाल के नए नक्शे के चक्कर में पीएम ओली ऐसे उलझे जिसकी कल्पना तक उन्होंने नहीं की थी. बता दें कि नेपाल के संदर्भ में हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि नेपाल से हमारा संबंध रोटी और बेटी का है इसलिए हमारा रिश्ता मजबूत ही रहेगा.

अन्य खबरे