Breaking News

ईरान में हिजाब पर मचा बवाल, एक महिला की मौत से हिंसक माहौल

23 Sep, 2022 598

संवाददाता/in24 न्यूज़.
हिजाब (Hijab) के खिलाफ ईरान (Iran) में जारी प्रदर्शन के बीच ईरानी महिला महसा अमिनी की मौत के बाद से प्रदर्शन और हिंसक हो गया। इस प्रदर्शन में अब तक 40 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है। उग्र होते प्रदर्शनों को देखते हुए सरकार ने इंटरनेट पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही ईरान के खुफिया मंत्रालय ने गुरुवार को चेतावनी दी कि विरोध प्रदर्शनों में भाग लेना अवैध है और प्रदर्शनकारियों पर मुकदमा चलाया जाएगा। बता दें कि ईरान में महसा अमिनी की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी। पुलिस ने उन्हें महिलाओं के लिए ईरान के सख्त ड्रेस कोड के उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि महसा की मौत हार्ट अटैक से हुई। जबकि अमिनी के परिवार का दावा है कि महसा बिल्कुल स्वस्थ थीं। पुलिस हिरासत में ही कुछ ऐसा हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई। महसा अमिनी की मौत के बाद सबसे पहले कुर्दिस्तान में विरोध प्रदर्शन हुए। देखते ही देखते ये विरोध प्रदर्शन लगभग पूरे ईरान में होने लगे। महिलाएं महसा अमिनी की मौत का विरोध हिजाब जलाकर और अपने बाल काट कर जता रही हैं। ईरान में सुरक्षाबल लगातार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बल का इस्तेमाल कर रहे हैं। अब तक ईरान में 40 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है। यूएन, अमेरिका समेत तमाम देश इसकी आलोचना कर रहे हैं।

अन्य खबरे