Breaking News

26/11 मुंबई हमले के दोषी को ब्लैक लिस्ट करने के संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर चीन ने लगाई रोक

17 Sep, 2022 634

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आतंक को बढ़ावा देते हुए चीन (China) ने मुंबई 26/11 हमले के दोषी और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी साजिद मीर (Lashkar-e-Taiba terrorist Sajid Mir) को ब्लैक लिस्ट करने के संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर रोक लगा दी है। इस प्रस्ताव का भारत ने भी समर्थन किया था। दरअसल, साजिद मीर भारत के सबसे अधिक वांछित आतंकवादियों में से एक है और 2008 में मुंबई में हुए हमले का मुख्य साजिशकर्ता भी है। खबर है कि बीजिंग ने गुरूवार को अमेरिका की ओर से लाए उस प्रस्ताव पर रोक लगा दी जिसके तहत मीर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 अल-कायदा प्रतिबंध समिति के अंतर्गत वैश्विक आतंकवादी घोषित किया जाना था और उसे काली सूची में डाला जाना था। भारत द्वारा समर्थित इस प्रस्ताव के तहत मीर की संपत्तियां जब्त कर ली जाती और उस पर यात्रा प्रतिबंध लग जाते। मुंबई 26/11 आतंकी हमले में भूमिका के लिए मीर पर 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित है। अमेरिका के इस में मीर को संपत्ति फ्रीज करने, यात्रा प्रतिबंध और हथियारों पर प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया गया था। अमेरिका ने मीर के सिर पर पांच मिलियन डॉलर का इनाम रखा है। फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FAFT) की ग्रे लिस्ट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान ने जून में साजिद मीर को टेरर फंडिंग के एक मामले में 15 साल जेल की सजा सुनाई थी। हालांकि, पाकिस्तान ने अभी तक उन पर मुंबई आतंकी हमलों में शामिल होने के लिए मामला दर्ज नहीं किया है। चीन इस साल पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों को ब्लैकलिस्ट करने के सभी प्रस्तावों पर रोक लगाता रहा है। पिछले महीने, जैश-ए मोहम्मद (जेईएम) प्रमुख मसूद अजहर के भाई और पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन के एक वरिष्ठ नेता अब्दुल रऊफ अजहर को ब्लैकलिस्ट करने के लिए अमेरिका समर्थित प्रस्ताव पर तकनीकी रोक लगा दी गई थी। इस साल जून में, 1267 अल-कायदा प्रतिबंध समिति में अब्दुल रहमान मक्की के खिलाफ एक और अमेरिका, भारत समर्थित संयुक्त प्रस्ताव को चीन ने रोक दिया था। इससे चीन का दोहरा चरित्र सामने आ गया है।

अन्य खबरे