गायक किशोर कुमार के घर चोरी करनेवाला नौकर गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
गायकी की दुनिया में अपनी आवाज़ से करोड़ों दिलों पर राज करनेवाले बॉलीवुड के महान दिवंगत गायक किशोर कुमार के परिवार के घरेलू नौकर को यूपी के बांदा जिले से गिरफ्तार किया गया है। नौकर पर किशोर कुमार के मुंबई स्थित जुहू में बंगले से कीमती सामान चोरी करने का आरोप है। आरोपी, हर नारायण यादव उर्फ लाला बांदा जिले के अचरौद गांव का निवासी है। बांदा रेलवे स्टेशन पर तुलसी एक्सप्रेस से उतरते ही बुधवार शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दिग्गज गायक किशोर कुमार की पोती वृंदा गांगुली ने मंगलवार को सांता क्रूज पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज कराई थी जिसमें यादव पर मुंबई के बंगले से दो लाख रुपये कीमत का सीलिंग फैन, वाटर पंप, मिक्सी और होम थिएटर म्यूजिक सिस्टम सहित कीमती सामान चुराने का आरोप लगाया गया था। बांदा के जीआरपी इंस्पेक्टर अंजना सिंह ने कहा कि धारा 381 (नियोक्ता की संपत्ति की चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया था और जांच शुरू की गई थी। वृंदा ने मुंबई पुलिस को बताया था कि उसे हर नारायण यादव पर चोरी का शक था, क्योंकि वह मंगलवार को चोरी के बाद से गायब था। यादव आठ साल से बंगले में काम कर रहा था और दो साल पहले अपने पैतृक गांव बांदा गया था। बता दें कि आठ साल बाद जब घरेलू नौकर की नीयत ख़राब हुई तो उसे पुलिस ने गिरफ़्तार कर ही लिया।