तीसरे दिन भी सीबीआई के सवालों के सामने होंगी रिया चक्रवर्ती
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सीबीआई लगातार सुशांत सिंह मामले में रिया चक्रवर्ती से पूछताछ कर रही है. सीबीआई के सवालों के सामने आज फिर तीसरे दिन रिया को जवाब देना होगा. सीबीआई ने रिया को सुबह दस बजे मुंबई के डीआरडीओ गेस्ट हाउस में आने का समय दिया था. पिछले दो दिन से सीबीआई रिया चक्रवर्ती से सुशांत की मौत मामले से जुड़े सवाल-जवाब कर रही है। कहा यह भी जा रहा है कि सीबीआई रिया के जवाबों से संतुष्ट नहीं है। इससे पहले रिया चक्रवर्ती से सीबीआई ने शनिवार को सात घंटे पूछताछ की। सीबीआई ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन रिया चक्रवर्ती से पूछताछ की थी। सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले की जांच कर रही सीबीआई की टीम डीआरडीओ के अतिथि गृह में ठहरी हुई है, जहां रिया चक्रवर्ती दोपहर को पहुंचती हैं। उनके साथ पुलिस के वाहन भी थे। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की सुरक्षा में रिया चक्रवर्ती रात साढ़े आठ बजे अतिथि गृह से रवाना हुईं। इस दौरान उनके भाई शोविक चक्रवर्ती भी थे। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को सीबीआई की टीम ने मुंबई पुलिस से रिया चक्रवर्ती को सुरक्षा प्रदान करने को कहा। पुलिस उसी का पालन कर रही है। सीबीआई की टीम सुशांत के साथ फ्लैट में रहने वाले सिद्धार्थ पिठानी, रसोइया नीरज सिंह, घरेलू सहायक केशव, मैनेजर सैमुअल मिरांडा और अकाउंटेंट रजत मेवाती से शनिवार सुबह से ही पूछताछ कर रही थी। जांच एजेंसी की टीम ने शुक्रवार को रिया चक्रवर्ती से दस घंटे से भी ज्यादा देर तक पूछताछ की थी। इसके बाद अभिनेत्री पुलिस के सुरक्षा घेरे में अपने घर पहुंची थीं क्योंकि वहां बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे। बता दें कि सुशांत मामले में सबसे पहले सीबीआई जांच की मांग करनेवालों में रिया चक्रवर्ती का ही नाम सामने आया था.