प्रेम में पड़े युवक को पुलिस ने पीड़ित से आरोपी बनाया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक कहावत है कि लव और वॉर में सबकुछ जायज़ है. देखा जाये तो इस तरह की कहावत फिल्मों में देखने सुनने में अच्छा लगता है. मगर प्रेम में कोई अगर पुलिस को धोखा दे तो उसे क़ानून खुद सबक सीखा देता है. हैदराबाद में एक युवक ने 8.51 लाख की रकम हड़पने के लिए पुलिसवालों को लूटपाट की फर्जी कहानी सुनाई थी| पुलिस की जांच में इस मामले का खुलासा हुआ| आरोपी ने अपनी प्रेमिका का इलाज कराने के लिए इस काम को अंजाम दिया था| पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है| पुलिस ने बताया कि आरोपी एमबीए ग्रेजुएट है| वह पेपर मिल में बतौर अकाउंटेंट-कम-कलेक्शन बॉय काम करता था| 25 मई को उसने अलग-अलग एजेंट से कंपनी के 8.51 लाख रुपये कलेक्ट किए| जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत की कि उसे कुछ लोगों ने लूट लिया है| आरोपी उसका सारा कैश लेकर फरार हो गए| पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की और जांच में खुलासा होते देर न लगी कि युवक ने लाखों की रकम हड़पने के लिए पुलिस को लूटपाट की फर्जी कहानी सुनाई थी| पुलिस ने आरोपी के पास से सारा कैश बरामद कर लिया है| पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक महिला से प्यार करता है| महिला गंभीर बीमारी से ग्रसित है| उसके पास इलाज कराने के लिए पैसे नहीं हैं, लिहाजा युवक ने रकम जुटाने के लिए फर्जी लूटपाट की घटना का प्लान बनाया था |