Breaking News

पटना में मनोज तिवारी और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ पुलिस ने काटा चालान

19 May, 2023 1077

संवाददाता/in24 न्यूज़.
बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) पटना (Patna) के नौबतपुर (Naubatpur) में हनुमंत कथा कहकर भले ही वापस चले गए, लेकिन ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के आरोप में वे जिस वाहन पर सवार थे, उसका चालान कट गया है। पुलिस के मुताबिक, सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) और धीरेंद्र शास्त्री ने 13 मई को पटना हवाई अड्डे से गांधी मैदान जाने के क्रम में सीट बेल्ट नहीं लगाया था। इस मामले में अब जांच पूरी होने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में एक हजार रुपए का चालान काटा गया है। चालान उस कार मालिक के नाम से काटा गया है, जिस पर ये लोग सवार थे। बताया जाता है कि यह कार मध्य प्रदेश की है। कई तस्वीर और वीडियो देखने के बाद यातायात पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि कार चालक मनोज तिवारी और बगल की सीट पर बैठे धीरेंद्र शास्त्री ने सीट बेल्ट नहीं बांधा था। बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री हनुमंत कथा कहने के लिए 13 मई को यहां पहुंचे थे। पटना हवाई अड्डे से वे सीधे गांधी मैदान के पास स्थित एक होटल गए थे। बहरहाल, यातायात पुलिस ने अपना काम कर दिया है।  

अन्य खबरे