असम में बाढ़ से 56 लोगों की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बाढ़ के प्रकोप से असम बेहाल है. बाढ़ में अब तक 56 लोगों की जान जा चुकी है. बताया जा रहा है कि असम में आई बाढ़ से 18 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं. बाढ़ का पानी सड़कों पर भर गया है जिसके चलते आवागमन प्रभावित हुआ है. इसके साथ ही कई इलाकों में भूस्खलन की भी खबरें आई हैं. वहीं दारांग जिले के सिपाझार इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर बाढ़ का पानी बह रहा है. दारांग जिला प्रशासन ने बाढ़ को देखते हुए राजमार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया है. इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों ट्रक फंसे हुए हैं. असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने जानकारी दी है कि राज्य के 28 जिले बाढ़ से प्रभावित है. इन जिलों में 18.94 लाख लोगों पर बाढ़ का असर पड़ा है. असम में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण गुवाहाटी के विभिन्न हिस्सों में भीषण जलजमाव हो गया है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने उनसे असम में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया. इस प्राकृतिक आपदा के कारण लोगों को हो रही कठिनाइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने केंद्र सरकार से हर संभव मदद का आश्वासन दिया. बता दें कि इस प्राकृतिक आपदा से राज्य के 35 जिलों में से 28 जिलों के 2930 गांव प्रभावित हुए हैं. वहीं शुक्रवार को बारिश की चपेट में आने से दो बच्चों सहित नौ और लोगों की जान चली गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों में और बारिश की आशंका जताई है. विभाग ने शनिवार को 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. वहीं एएनआई के मुताबिक, बाढ़ के कारण इस साल असम में 54 लोगों के मारे जाने की बात कही है. बाढ़ प्रभावित लोगों का कहना है कि गांवों में स्थिति बेहद खराब है. बाढ़ का जल स्तर हर घंटे बढ़ रहा है. घर के घर पानी में डूब गए हैं. असं का आम आदमी इस बाढ़ से दहशत में है.