Breaking News

आज से श्रद्धालुओं के लिए खोले गए केदारनाथ के कपाट

25 Apr, 2023 1097

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज से चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) 2023 के लिए 11वें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ (Kedarnath) के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। आज सुबह छह बजकर 20 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरा  के अनुसार केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए हैं। इस दौरान आर्मी बैंड की धुनों के साथ केदारधाम में हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। इस दौरान सीएम धामी केदारधाम में मौजूद रहे। सर्द मौसम के बीच मंगलवार सुबह पांच बजे से ही केदारधाम में कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। गहमागहमी के बीच धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। बाबा केदार की पंचमुखी भोग मूर्ति चल उत्सव विग्रह डोली में विराजमान होकर रावल निवास से मंदिर परिसर पहुंची। इसके बाद हर हर महादेव के जयकारे लगे। रावल ने यहां भक्तों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद रावल, मुख्यमंत्री धामी, बदरी केदार मंदिर समिति के अधिकारियों, पदाधिकारियों और प्रशासन की मौजूदगी में विधि विधान से बाबा केदारनाथ के कपाट खोल दिए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। केदारनाथ कपाट खुलने के बाद धाम में मौजूद श्रद्धालु काफी उत्साहित नजर आए। बता दें कि कपाट खुलने से पहले केदारनाथ धाम को 23 क्विंटल फूलों से सजाया गया। इस साल मौसम की दुश्वारियों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। केदारनाथ धाम में अभी भी बर्फबारी हो रही है। इसके कारण यहां मुश्किलें बढ़ रही है। मौसम विभाग ने भी आने वाले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की। इसके बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। केदारनाथ में श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल रिलीफ पोस्ट तैयार की गई है। यात्रा मार्गों पर 130 डॉक्टरों की तैनाती है। डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाओं भी भी उचित प्रबंध किया गया है। हेल्थ एटीएम (Health ATM) भी यात्रियों के लिए लगाए गए हैं। यानी उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

अन्य खबरे