कोरोना मामले में तीसरे स्थान पर पहुंचा भारत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना का कहर इस कदर जारी है कि इसके बढ़ते मामलों ने भारत को दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया है. देश में हर रोज कोरोना वायरस के मामले में इजाफा ही होते जा रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 11,502 नए मामले सामने आए हैं जबकि 325 लोगों की मौत हुई है। देश में अब कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 3,32,424 हो गई है जिसमें 1,53,106 सक्रिय मामले हैं। 1,69,798 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि अब तक 9520 लोगों की मौत हो चुकी है। इस तरह अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत तीसरा देश है जहां हर रोज 10 हजार से ज्यादा मामले आ रहे हैं। अमेरिका में 22322 और ब्राजील में यह आंकड़ा 25800 रहा। न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी अमेरिका के सबसे प्रभावित शहर थे। अप्रैल और मई में यहां लाखों मामले सामने आए। न्यूयॉर्क में 30,874 जबकि न्यूजर्सी में 12,696 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो गई। इन दो महीनों में हालात इतने खराब थे कि अस्पतालों में जगह नहीं थी, घरों में रखकर लोगों का इलाज तक करना पड़ा था। हालांकि, तेजी से फैलते संक्रमण के बीच एक राहत की भी बात है। दिल्ली-मुंबई में ठीक होने वालों की दर दुनिया में कई शहरों से आज भी सबसे ज्यादा है। न्यूयॉर्क में सिर्फ 21.23 फीसदी जबकि न्यूजर्सी में 18.88 फीसदी ही महामारी से उबर पाए हैं जबकि वहां कई महीनों से लोग बीमारी से पीड़ित हैं। वहीं, मुंबई में 45.65 फीसदी जबकि दिल्ली में 38.36 फीसदी लोग ठीक हुए। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मुंबई में कोरोना संक्रमण का ग्राफ कई अमेरिकी शहरों को भी पीछे छोड़ रहा है। एक समय दुनिया के सर्वाधिक प्रभावित शहर रहे न्यूयॉर्क व न्यूजर्सी में जहां इन दिनों सिर्फ 500-600 मामले रोजाना आ रहे हैं तो वहीं, दिल्ली में यह आंकड़ा 2100 और मुंबई में करीब 1500 दर्ज किया जा रहा है। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से रविवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक संक्रमितों का आंकड़ा 3.20 लाख को पार कर गया है और अब तक 9,195 लोगों की मौत हुई है। जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान 311 लोगों की मौत हुई है और 11,929 नए मामले सामने आए हैं। लगातार तीसरे दिन 10 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 8,049 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। अब तक 1,62,378 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं और सक्रिय मामले 1,49,348 ही रह गए हैं। इस तरह स्वस्थ होने की दर 50 फीसद से ज्यादा हो गई है।