छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 26 नक्सलियों ने किया एक साथ सरेंडर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सुरक्षाबलों की कार्रवाई से नक्सलियों में खलबली मची हुई है। दंतेवाड़ा में एक साथ 26 नक्सलियों ने एक साथ सरेंडर किया, जिसे देखकर सुरक्षाबलों के जवान भी चकित रह गए। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में एक इनामी नक्सली भी शामिल था। उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। प्रतिबंधित माओवादी संगठन ने सुरक्षाबलों की कार्रवाई के विरोध में 15 अप्रैल को बंद का आह्वान किया था। नक्सलियों के बंद का कोई खास असर नहीं दिखा। सरेंडर करने वाले नक्सलियों के बारे में एसपी गौरव राय ने बताया कि यह सभी शरारती गतिविधियों में संलिप्त थे, जिसमें पोस्टर लगाना, बैनर लगाना, रसद एकत्रित करना, आगजनी करना, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, सरकारी कार्यों में बाधा पहुंचाना शामिल है। छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में सुरक्षाबलों की प्रखर कार्रवाई का अंदाजा आप महज इसी से लगा सकते हैं कि अब तक इस अभियान के अंतर्गत 717 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं, जिसमें 176 इनामी हैं। ये लोग कई विध्वंसक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। ऐसे में समझा जा सकता है कि नक्सलियों में सुरक्षाबालों के जवानों को लेकर डर फ़ैल गया है।