देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 161 हज़ार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना ने मौत का तांडव जारी रखा है. भारत में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या में पिछले 24 घंटों में अबतक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी देखी गई है. शुक्रवार को देशभर कोविड-19 के 7,466 ताजा मामले सामने आए. इन नए मामलों के साथ ही देश में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 161,000 हो गई. भारत में मौतों का सिलसिला भी बढ़ता जा रहा है. गुरुवार को कम से कम 175 मौतें दर्ज की गईं, जो एक दिन में अब तक की तीसरी सबसे बड़ी संख्या है. भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की कुल संख्या 4,706 हो गई है. कोविड-19 मामलों में सबसे बड़ी दैनिक उछाल के बाद भारत ने कोरोना वायरस महामारी से नौवां सबसे अधिक प्रभावित देश तुर्की को पीछे छोड़ दिया है. भारत ने सक्रिय कोरोना वायरस रोगियों की संख्या 89,987 हो गई है. हालांकि भारत में अबतक 42 फीसदी लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं. कोरोना वायरस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र ने गुरुवार को 2,500 से अधिक लोगों को पॉजिटिव पाया गया. अकेले मुंबई में गुरुवार को 1,467 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए गये. कोरोना वायरस ने महाराष्ट्र में 59,546 लोगों को संक्रमित किया है जबकि राज्य में 1,982 लोगों की मौत हो गई है. तमिलनाडु में गुरुवार को कोरोना वायरस मामलों की बड़ी संख्या देखी गई. राज्य में पिछले 24 घंटों में 827 नए मांमले आये, जिससे राज्य में कुल मामले 19,372 हो गए हैं. राजधानी दिल्ली में पहली बार गुरुवार को 1,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए. पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 1,024 लोगों को पॉजिटिव पाया गया. दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या अब 16,281 हो गई है. गुरुवार को दिल्ली में 13 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद कुल मौतों का आंकड़ा 316 हो गया. भारत लॉक डाउन का चौथा चरण 31 मई को समाप्त हो रहा है. विश्व स्तर पर कोरोना वायरस ने 58 लाख लोगों को संक्रमित किया है और 3.6 लाख लोगों की मौत हुई है. ब्राज़ील कोरोना वायरस हॉटस्पॉट के रूप में उबरा है. देश ने अब तक 4.38 लाख कोविड-19 रोगियों की पुष्टि की है. अमेरिका में कोरोना वायरस महामारी से 17 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं. अमेरिका में मरने वालों की संख्या 1 लाख से अधिक हो गई. ऐसे में कोरोना से बचकर रहना भी किसी चुनौती से कम नहीं है.