नौ करोड़ किसानों से की पीएम मोदी ने बातचीत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
करीब एक महीने से किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर हैं. सरकारी कोशिशों के बावजूद अबतक कोई रास्ता नहीं निकला है. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने अनेक बार किसानों से मीटिंग की पर किसान आज भी अपनी ज़िद पर अड़े हुए हैं. मगर अब इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों से संपर्क साधा है. बता दें कि दिल्ली के बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन को आज 28 दिन से ज्यादा हो चुके हैं. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छह राज्यों के नौ करोड़ किसानों के साथ आज एक वर्चुअल बैठक की. 25 दिसंबर को पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर पीएम मोदी ने कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वित्तीय सहायता की अगली किस्त 18,000 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत जारी किया. भारतीय किसान यूनियन के एक नेता ने कहा कि हम अटल जी की जयंती पर बहुत आशावान हैं कि प्रधानमंत्री कुछ ऐसा कहेंगे जिससे हमारी समस्याओं का समाधान होगा और हमें इन कानूनों से मुक्ति मिलेगी और इनकी जगह पर किसानों से वार्ता करके मजबूत कानून आएंगे और हमें एमएसपी पर कानून मिलेगा। आयोजन के दौरान, पीएम मोदी ने कृषि कानूनों पर सरकार की स्थिति स्पष्ट की.पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर किसानों के साथ पीएम मोदी की बातचीत सुनने के लिए कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा नेता उनके निर्वाचन क्षेत्रों में या देश के अन्य हिस्सों में मौजूद थे. गौर करनेवाली बात यह है कि किसान अब भी कृषि कानून को वापस लेने की मांग पर कायम हैं.